ऊना। जिले में औद्योगिक क्षेत्र आने वाले समय में सुविधाओं के मामले में नए आयाम पर होंगे। करोड़ों रुपये के बजट प्रावधान से औद्योगिक इकाइयों से लेकर कामगारों की सुविधा के लिए विकास का ढांचा और मजबूत किया जाएगा।
कड़ी में अंब औद्योगिक क्षेत्र भी पाइपलाइन में है। यहां भी क्षेत्र में विभिन्न सुविधाओं का विकास होना प्रस्तावित है। जिला ऊना उद्योग विभाग की ओर से औद्योगिक क्षेत्र में विकास के ढांचे को मजबूत बनाने के लिए 7.74 करोड़ रुपये की योजना तैयार की है। इसके लिए बजट प्रावधान के लिए आगामी औपचारिकताओं के लिए प्रस्ताव भेज दिया है। राज्य सरकार के माध्यम से केंद्रीय मंत्रालय को गए प्रस्ताव में अंब औद्योगिक क्षेत्र के लिए बड़ी राशि मांगी गई है। फिलहाल 7.74 करोड़ रुपये की राशि की मंजूरी का इंतजार विभाग की ओर से किया जा रहा है। राशि विभाग के पास पहुंचते ही इसके टेंडर आदि प्रक्रिया को पूरा करने पर विभाग विकास की गति को आगे बढ़ाएगा। इस राशि से अंब औद्योगिक क्षेत्र में सड़कों, जलभराव से निजात के लिए पानी की निकासी, पानी की आपूर्ति, सीवरेज सिस्टम की मजबूती व स्ट्रीट लाइटों का ढांचागत विकास प्रस्तावित है।
यकीनन ही इस विभिन्न विकास कार्यों से उद्यमियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। दूसरी ओर उद्योगों में काम के लिए आने वाले मजदूरों के लिए भी बेहतर सुविधा मौजूद रहेंगी। खासकर रात्रि के अंधेरे में यहां लगने वाली स्ट्रीट लाइट्स से आवागमन और सुरक्षित बनेगा। दूसरी सुविधाएं भी क्षेत्र के विकास के लिए चार चांद बनेंगी।
अन्य औद्योगिक क्षेत्रों सहित अंब औद्योगिक क्षेत्र के विकास कार्यों की डीपीआर राज्य को भेजी गई है। इसके लिए अभी मंजूरी मिलनी बाकी है। जैसे ही बजट प्रावधान होगा, इन कार्यों को धरातल पर उतारा जाएगा।
-अंशुल धीमान, संयुक्त निदेशक, उद्योग विभाग, ऊना