ऊना। टाहलीवाल औद्योगिक क्षेत्र में अब भवन निर्माण करवाने के लिए नक्शे टीसीपी से मंजूर करवाने होंगे। इस संदर्भ में हिमाचल प्रदेश सरकार ने हाल ही में नोटिफिकेशन जारी कर दी है। टीसीपी ऊना के सहायक टाउन प्लानर पंकज शर्मा ने बताया कि टाहलीवाल क्षेत्र में चार माहौल शामिल हैं। जहां पर 796 हेक्टर एरिया में 4000 के तकरीबन आबादी जीवन बसर कर रही है। टीसीपी की ओर से एरिया को अडॉप्ट करने के लिए सर्वे किया गया था और टीसीपी की रिपोर्ट में वर्तमान में वहां पर जीवन यापन कर रहे लोगों के रिहायशी मकान सहित अन्य तमाम गतिविधियों की रिपोर्ट सही आंकी गई है और इस संदर्भ में सरकार ने तमाम तरह की गतिविधियों को अमलीजामा पहनाने के लिए टीसीपी के अधिनियम के तहत हर प्रकार के कामकाज को अमलीजामा पहनाने के लिए नोटिफिकेशन जारी कर दी है। विभाग के मंजूरी के बिना अब टाहलीवाल इंडस्ट्री एरिया में कोई भी नया नवनिर्माण करवाने से पहले संबंधित कार्य के नक्शे मंजूर करवाने होंगे। उन्होंने बताया कि नगर पंचायत टाहलीवाल के दायरे में आने वाले तमाम क्षेत्र में यह नोटिफिकेशन मंजूरी मिलने के बाद लागू कर दी गई है।
उन्होंने आम जनता से आह्वान किया है कि वह अपने तमाम तरह के विकास के कार्य के लिए नगर पंचायत की मंजूरी आवश्य लें, ताकि नियमों के तहत क्षेत्र में रिहायशी मकान सहित अन्य विकास की गतिविधियों को अमलीजामा पहनाया जा सके।
बता दें कि ऊना जिले में टीसीपी का दायरा तो अवश्य बड़ा है, लेकिन मंडलीय कार्यालय का दर्जा आज दिन तक ऊना जिले को नहीं मिला है। लोगों और वास्तुकार को अपने तमाम तरह के कामकाज को अंतिम रूप देने के लिए जिला हमीरपुर के मंडलीय कार्यालय की ओर रुख करना पड़ता है। इस बारे में सरकार को अवगत भी करवाया गया है, लेकिन धरातल पर कोई भी कार्रवाई होती नजर नहीं आई है। इसका खामियाजा क्षेत्र की जनता को भुगतना पड़ रहा है। संवाद