अवैध पार्किंग और अतिक्रमण को लेकर कार्रवाई के दिए हैं सख्त निर्देश
बस स्टैंड के बाद भी मिनी सचिवालय चौक तक कई स्थानों पर रुकती हैं बसें
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। प्रशासन की ओर से अवैध पार्किंग और अतिक्रमण के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है, लेकिन निजी बस संचालक नियमों की खुलेआम अनदेखी कर रहे हैं। बस स्टैंड से निकलने के बाद कई स्थानों पर सवारियां चढ़ाने के लिए बसें रोकी जा रही हैं, जबकि बस स्टैंड से मिनी सचिवालय चौक तक कोई अधिकृत बस स्टॉप नहीं है। इससे यातायात बाधित हो रहा है और हादसों का खतरा भी बना रहता है।
हैरानी की बात यह है कि शहर में तैनात पुलिस कर्मियों की मौजूदगी के बावजूद इस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही। जबकि एनएच किनारे के क्षेत्र को नो-पार्किंग और नॉन-वेंडिंग जोन घोषित किया गया है तथा बस स्टॉप भी निर्धारित हैं। बावजूद इसके निजी बस चालक नियमों का पालन नहीं कर रहे।
कोट
यह मामला मेरे संज्ञान में है। नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ जल्द कड़ी कार्रवाई की जाएगी। -अमित यादव, पुलिस अधीक्षक ऊना