विद्यार्थियों से किया आत्मीय संवाद, दिए सफलता के मंत्र
बोले- यतो भावे, ततो भवति- आप जैसा सोचते हैं, वैसा ही बन जाते हैं
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने शुक्रवार को हरोली के पालकवाह सभागार में आयोजित विशेष प्रेरक एवं परामर्श सत्र में विद्यार्थियों को बड़े लक्ष्य तय करने और उन्हें पाने के लिए धैर्य से जुटने का संदेश दिया। इस अवसर पर राजकीय डिग्री कॉलेज हरोली, राजकीय डिग्री कॉलेज खड्ड और संत बाबा ढांगू वाले गुर्जर राजकीय महाविद्यालय बीटन के विद्यार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। उपायुक्त ने छात्रों से अपने जीवन के अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्होंने कॅरिअर की शुरुआत कॉल सेंटर से की थी। इसके बाद एक सरकारी उपक्रम में कार्य किया। वहीं एक अवसर पर जब उन्होंने एक वरिष्ठ आईएएस अधिकारी का स्वागत होते देखा तो उनके मन में सिविल सेवा के प्रति गहरी रुचि जागी और उन्होंने इसे ही अपनी मंजिल बनाने का निश्चय किया। लंच ब्रेक, मेट्रो यात्रा और हर खाली समय का सदुपयोग पढ़ाई में किया। सोशल मीडिया और अनावश्यक गतिविधियों से दूरी बनाई। नौकरी से अवकाश लेकर अंततः त्यागपत्र दिया और पूरी तरह तैयारी में जुट गए। कड़ी मेहनत और अनुशासन का परिणाम 2016 बैच की भारतीय प्रशासनिक सेवा में चयन के रूप में मिला। सत्र के दौरान विद्यार्थियों ने पढ़ाई, तनाव, हिंदी माध्यम, नोट्स और परीक्षा से जुड़ी जिज्ञासाएं पूछीं। एक विद्यार्थी ने कहा कि परीक्षा के दिनों में नींद नहीं आती और दिमाग में प्रश्न घूमते रहते हैं। इस पर उपायुक्त ने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा -यह अच्छी बात है, जब तक नींद नहीं आती, पढ़ते रहो। बोले- यतो भावे, ततो भवति- आप जैसा सोचते हैं, वैसा ही बन जाते हैं। उन्होंने विशेषकर छात्राओं को संदेश देते हुए कहा कि सबसे पहले आत्मनिर्भर बनें। विवाह अपनी जगह है, लेकिन स्वतंत्र और सक्षम बनना ही सबसे बड़ी उपलब्धि है। विद्यार्थियों ने इस प्रेरणादायी सत्र के लिए उपायुक्त जतिन लाल का आभार व्यक्त किया।