बड़ूही (ऊना)। एसवीएन स्कूल चौकीमन्यार में शुक्रवार को एनसीसी की नई भर्ती प्रक्रिया सत्र 2025-26 के लिए शुरू की गई। एनसीसी कमांडिंग ऑफिसर रवींद्र सिंह ने विद्यालय को एनसीसी की टुकड़ी प्रदान की। भर्ती प्रक्रिया का नेतृत्व हवलदार मुनीश कुमार ने किया। विद्यालय के आठवीं और नौवीं कक्षा के छात्रों में से कुल 25 बच्चों का एनसीसी में चयन हुआ, जिनमें 15 लड़के और 10 लड़कियां शामिल हैं। चयनित टुकड़ी की देखरेख श्याम कुमार करेंगे। निरीक्षण के दौरान कमांडिंग ऑफिसर रवींद्र सिंह ने बच्चों से संवाद करते हुए एनसीसी के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि एनसीसी न केवल अनुशासन सिखाती, बल्कि राष्ट्रप्रेम और नेतृत्व क्षमता को भी प्रोत्साहित करती है। प्रधानाचार्य जगदीश धीमान ने कहा कि एनसीसी गतिविधियों से विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास में सकारात्मक बदलाव आता है। उन्होंने रवींद्र सिंह का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी विद्यालय में इस तरह के प्रेरणादायी कार्यक्रम जारी रहेंगे। संवाद