उपायुक्त जतिन लाल राष्ट्रीय पाइथियन गेम्स के पदक विजेताओं सम्मानित करते हुए।स्रोत विभाग
पाइयिथन गेम्स में प्रदेश और जिले के 50 बच्चों ने जीते पदक
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। प्रदेश पाइथियन काउंसिल के अध्यक्ष एवं उपायुक्त ऊना जतिन लाल की अध्यक्षता में शनिवार को डीआरडीए हॉल में प्रथम राष्ट्रीय सांस्कृतिक पाइथियन गेम्स 2024 में अव्वल रहे पदक विजेताओं के लिए सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान पाइथियन खेलों की विभिन्न प्रतियोगिताओं में 50 पदक विजेता बच्चों को उपायुक्त ने शॉल देकर सम्मानित किया। उन्होंने पदक विजेताओं के परिवारों को इस उपलब्धि की बधाई दी। विजेता खिलाड़ियों के अभिभावकों ने बच्चों का हौसला अफजाई करने के लिए उपायुक्त का आभार जताया। जतिन लाल ने कहा कि इस प्रतिस्पर्धा में विजेता बच्चों ने ऊना जिला के साथ-साथ हिमाचल का नाम न केवल देश बल्कि विदेशों में भी रोशन किया है। राष्ट्रीय पाइथियन गेम्स से हिमाचल के युवाओं के लिए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतरीन मौका मिला। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे ज्यादा से ज्यादा खेलों से जुड़ें। राष्ट्रीय पाइथियन गेम्स का आयोजन 12 से 15 दिसंबर तक पंचकूला के ताऊ देवी लाल स्टेडियम में किया गया। इसमें ऊना जिले के साथ-साथ हिमाचल के 130 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। इसके अलावा 12 देशों के प्रतिभागियों ने भी इस प्रतिस्पर्धा में भाग लिया था।