जिला आयुर्वेदिक अस्पताल प्रबंधन ने उच्च अधिकारियों के समक्ष उठाया मामला
बीते चार महीने से थेरेपिस्ट न होने से सुचारु रूप से नहीं मिल रही पंचकर्म की सुविधा
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। जिले के सबसे पुराने आयुर्वेदिक अस्पतालों में से एक ईसपुर में पंचकर्म सुविधा को नियमित रूप से संचालित करने के लिए डेपुटेशन के आधार पर थेरेपिस्ट की तैनाती की मांग उठाई गई है। वर्तमान में अस्पताल में स्थायी थेरेपिस्ट का पद करीब चार माह से खाली है। ऐसे में चिकित्सकों की ओर से मरीजों को पंचकर्म करवाने की सलाह तो दी जाती है, लेकिन मरीजों को उपचार के लिए परेशानी झेलनी पड़ती है। अस्थायी रूप से प्रशिक्षण प्राप्त चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी की सेवाएं ली जा रही हैं, परंतु इससे अस्पताल की अन्य व्यवस्थाएं प्रभावित हो रही हैं।
पूर्व में विभाग की ओर से स्थायी थेरेपिस्ट की नियुक्ति की मांग की जा चुकी है, लेकिन अभी तक नियुक्ति नहीं हो पाई है। अब विभाग ने डेपुटेशन के माध्यम से थेरेपिस्ट की तैनाती का प्रस्ताव रखा है ताकि पंचकर्म व्यवस्था सुचारु रूप से चल सके।
अस्पताल में पंचकर्म के सभी उपकरण उपलब्ध हैं और यहां आसपास के लगभग 15 गांवों से मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। सुविधा उपलब्ध न होने के कारण उन्हें जिला मुख्यालय तक जाना पड़ रहा है। पहले यहां प्रतिदिन औसतन 5 से 10 मरीज पंचकर्म उपचार करवाते थे, लेकिन अब यह सेवा बाधित हो चुकी है, जिससे ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गई है।
जिला आयुर्वेदिक अधिकारी ऊना डॉ. किरण शर्मा ने बताया कि ईसपुर अस्पताल में पंचकर्म सुविधा को नियमित करने के लिए डेपुटेशन के आधार पर थेरेपिस्ट की तैनाती आवश्यक है, जिससे व्यवस्था दोबारा सुचारु हो सके।