गगरेट (ऊना)। गगरेट में बिजली कटौती को लेकर कुछ दिन पहले 36 घंटे तक लोगों का गुस्सा झेल चुका बिजली बोर्ड अब भी अपनी कार्यप्रणाली में सुधार करता नजर नहीं आ रहा है।
रविवार को एक बार फिर दियोली फीडर बिना पूर्व सूचना बंद रहा। इससे क्षेत्र में छह घंटे से अधिक समय तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। गर्मी और उमस के बीच लंबे समय तक बिजली गुल रहने से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि फीडर बंद करने से पहले उपभोक्ताओं को किसी तरह की सूचना नहीं दी गई। लोगों का सवाल है कि बिजली आपूर्ति बाधित करने के लिए क्या बोर्ड की ओर से कोई तय व्यवस्था है या नहीं।
उनका कहना है कि क्षेत्र में बिजली लाइनों और अन्य रखरखाव का काम ठेकेदार के माध्यम से करवाया जा रहा है। आरोप है कि ठेकेदार को काम के लिए जब समय चाहिए होता है, उसी दौरान फीडर बंद कर दिया जाता है।
लोगों ने कहा कि यदि रखरखाव कार्य के लिए बिजली बंद करना जरूरी है तो इसकी पूर्व सूचना उपभोक्ताओं को दी जानी चाहिए ताकि वे आवश्यक व्यवस्था कर सकें। उनका यह भी आरोप है कि फीडर बंद करने का निर्णय कनिष्ठ अभियंता स्तर पर लिया जा रहा है और कई बार इसकी जानकारी उच्चाधिकारियों तक भी नहीं पहुंचती।
नहीं लिया सबक
कुछ दिन पहले गगरेट क्षेत्र में करीब 36 घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही थी। लंबे समय तक बिजली गुल रहने से लोगों में भारी रोष था और सोशल मीडिया से लेकर सार्वजनिक मंचों तक बोर्ड की कार्यप्रणाली पर सवाल उठे थे। इसके बाद उम्मीद थी कि विभाग भविष्य में बिजली बंद करने से पहले उपभोक्ताओं को सूचना देने की व्यवस्था सुनिश्चित करेगा लेकिन रविवार की घटना ने एक बार फिर व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए।
उन्हें दियोली फीडर के इतने लंबे समय तक बंद रहने की जानकारी नहीं थी। जानकारी मिलते ही कनिष्ठ अभियंता को बिजली आपूर्ति जल्द बहाल करने के निर्देश दिए गए हैं। खुशविंद्र सिंह, अधिशासी अभियंता, बिजली बोर्ड गगरेट