थानाकलां (ऊना)। राजकीय उच्च विद्यालय कोट में गृह रक्षा संगठन बंगाणा के तत्वावधान में आपदा प्रबंधन एवं बचाव विषय पर आधारित एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसकी अगुवाई कंपनी कमांडर हंसराज ने की। उनके साथ अन्य गृह रक्षक भी उपस्थित रहे।कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों, स्कूल स्टाफ और स्थानीय लोगों को भूकंप, बाढ़, आगजनी, बादल फटने जैसी प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के उपायों के बारे में सरल और व्यावहारिक ढंग से जानकारी प्रदान की गई। साथ ही घायलों को प्राथमिक उपचार देने की विधियां तथा आपातकालीन परिस्थितियों में समुचित प्रबंधन की प्रक्रिया भी विस्तार से समझाई गई। इसके अतिरिक्त फायर ब्रिगेड की गाड़ी के संचालन एवं उसके उपयोग के बारे में भी विद्यार्थियों को व्यावहारिक जानकारी दी गई। गृह रक्षा के जवानों ने मौके पर ही आपदा प्रबंधन से जुड़े उपकरणों का प्रदर्शन कर विद्यार्थियों को आपात स्थिति में सजग रहने तथा सुरक्षित व्यवहार अपनाने के गुर सिखाए। इस दौरान प्रधानाचार्य सुरेश भारती, राजकीय प्राथमिक विद्यालय कोट के प्रमुख सुरेंद्र कुमार, स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष कुलदीप सिंह, समस्त स्टाफ सदस्य, विद्यार्थी एवं स्थानीय लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।