थानाकलां (ऊना)। विकास खंड बंगाणा की ग्राम पंचायत बुधान में 30 महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत 50 दिवसीय क्राफ्ट वर्क वर्कशॉप का शुभारंभ किया गया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं को विभिन्न हस्तशिल्प कलाओं की विस्तृत जानकारी और व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा, ताकि वे भविष्य में स्वरोजगार की ओर अग्रसर हो सकें। कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन जिला परियोजना अधिकारी केएल वर्मा, खंड विकास अधिकारी सुशील कुमार, प्रशिक्षका ज्योति, मास्टर ट्रेनर कविता और डिजाइनर अर्चना की उपस्थिति में किया गया। डीपीओ वर्मा ने कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम ग्रामीण महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने में अहम भूमिका निभा रहे हैं। खंड विकास अधिकारी सुशील कुमार ने जानकारी दी कि प्रशिक्षण के उपरांत महिलाओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ा जाएगा, ताकि वे स्वरोजगार अपनाकर आत्मनिर्भर बन सकें। मास्टर ट्रेनर कविता और डिजाइनर अर्चना द्वारा महिलाओं को क्राफ्ट वर्क की आधुनिक तकनीकों का अभ्यास कराया जाएगा, जिससे वे बाजार की मांग के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण व आकर्षक उत्पाद तैयार कर सकें।