चिंतपूर्णी (ऊना)। चिंतपूर्णी में एडीबी ब्लॉक के समीप सड़क पर बनाए जा रहे गेट को लेकर स्थानीय लोगों ने अपनी चिंता व्यक्त की है। इस संबंध में स्थानीय जनता और व्यापार मंडल ने संयुक्त रूप से एक मांगपत्र तैयार कर मंदिर प्रशासन को सौंपा।
स्थानीय लोगों ने मांगपत्र पर हस्ताक्षर कर मंदिर अधिकारी के समक्ष जनहित से जुड़ी समस्याओं को उठाया। स्थानीय लोगों का कहना है कि संबंधित सड़क पर गेट बनाए जाने से आवागमन और यातायात व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है।
ऐसे में मंदिर प्रशासन को निर्माण कार्य पर पुनर्विचार करते हुए गेट को खुला रखने की मांग पर गंभीरता से विचार करना चाहिए, ताकि स्थानीय निवासियों, दुकानदारों और श्रद्धालुओं को भविष्य में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। ज्ञापन के माध्यम से मंदिर प्रशासन से आग्रह किया गया कि किसी भी निर्माण कार्य को अंतिम रूप देने से पहले स्थानीय लोगों की सुविधा, सड़क की उपयोगिता और यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखा जाए।
धार्मिक स्थल पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधाओं के साथ-साथ स्थानीय जनता के हितों की रक्षा करना भी आवश्यक है। उपस्थित लोगों ने कहा कि उनका उद्देश्य मंदिर प्रशासन की व्यवस्थाओं का विरोध करना नहीं है, बल्कि जनहित से जुड़े विषय को प्रशासन के समक्ष शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से रखना है।
इस मौके पर चिंतपूर्णी पुजारी सभा के मुखिया सुखविंद्र शिंदा, भूषण कालिया, कुंदन गर्ग, निरंजन कालिया, अमित कालिया आदि मौजूद रहे।