घनारी (ऊना)। दौलतपुर वाया गगरेट से एम्स बिलासपुर के लिए सीधी बस सेवा शुरू करने की मांग जोर पकड़ने लगी है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि मौजूदा व्यवस्था में मरीजों और उनके तीमारदारों को दो से तीन बसें बदलकर सफर करना पड़ता है।
इससे बुजुर्गों और गंभीर मरीजों को काफी परेशानी होती है। ग्राम पंचायत घनारी की प्रधान पूजा कुमारी ने कहा मांग को लेकर परिवहन मंत्री और विभाग को जल्द ज्ञापन सौंपा जाएगा।
प्रधान ने पूजा सहित ग्रामीणों ने मांग की है कि सुबह दौलतपुर से ऐसी बस चलाई जाए, जो सुबह करीब 9:30 बजे तक एम्स बिलासपुर पहुंचाए। इससे मरीज समय पर ओपीडी पर्ची बनवाकर चिकित्सकों से जांच और परामर्श ले सकेंगे। वहीं, वापसी के लिए शाम 4:30 से 5 बजे के बीच एम्स से बस चलाने की मांग की गई है ताकि यात्रियों को रात करीब 8 से 9 बजे तक गगरेट पहुंचाया जा सके।
क्षेत्रवासियों ने कहा कि सीधी बस सुविधा नहीं होने से कई मरीजों को समय बचाने के लिए टैक्सी या निजी वाहन का सहारा लेना पड़ता है। इससे गरीब और मध्यवर्गीय परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ता है। गंभीर बीमारी की स्थिति में लोगों को पंजाब के महंगे अस्पतालों का रुख भी करना पड़ता है।
दौलतपुर वाया गगरेट से सीधी बस सेवा शुरू होने पर मरीज एक ही दिन में ओपीडी जांच, चिकित्सकीय परामर्श और दवाइयां लेकर घर लौट सकेंगे।