नंगल सलांगड़ी स्थित एक उद्योग के बंद होने पर रोष प्रदर्शन करते कामगार। संवाद
ऊना। दिवाली बोनस की मांग को लेकर नंगल सलांगड़ी स्थित धागा उद्योग में विवाद खड़ा हो गया। कामगारों ने आरोप लगाया है कि बोनस मांगने पर कंपनी ने उद्योग बंद कर उस उस ताला जड़ दिया। जिसके बाद कामगारों ने इसकी शिकायत श्रम एवं रोजगार विभाग से की। बुधवार शाम तक जिला श्रम एवं रोजगार विभाग के हस्तक्षेप के बाद मामले को सुलझा लिया गया। विभाग ने उद्योग प्रबंधन को मौके पर बुलाकर उद्योग दोबारा चलाने पर सहमति बनाई है। इसके बाद सभी कामगार वीरवार से काम पर लौट जाएंगे। विभाग ने कामगारों को सात दिनों के भीतर डिमांड नोटिस देने के निर्देश दिए हैं।
कामगार नरेंद्र कुमार, सुरेंद्र सिंह और बबली देवी ने बताया कि मंगलवार को दिवाली बोनस की मांग को लेकर कामगारों का प्रतिनिधिमंडल उद्योग प्रबंधन से बातचीत करने पहुंचा। प्रबंधन ने उनकी मांग पर कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया। इसके बाद उद्योग प्रबंधन ने बिजली आपूर्ति बंद कर कामगारों को बाहर जाने के निर्देश दिए गए और कुछ ही देर में उद्योग परिसर पर ताला लगा दिया गया। कामगारों ने बताया कि रात की शिफ्ट में ड्यूटी के लिए आने वाले कर्मचारियों और बुधवार सुबह काम पर पहुंचे मजदूरों को उद्योग के गेट पर ताला लगा मिला। उधर, शिकायत मिलने के बाद जिला श्रम एवं रोजगार विभाग ने उद्योग प्रबंधन को मौके पर बुलाकर फिलहाल उद्योग चलाने पर दोनों पक्षों में सहमति बनाई गई।
धागा उद्योग के कामगार अपनी शिकायत लेकर आए थे। उनकी मुख्य मांग बोनस है। इस पर कंपनी से अपने दस्तावेज दिखाने को कहा गया है। प्रबंधन को उद्योग शुरू करने को कहा गया है। दोनों पक्षों को बुलाकर उनकी मांगों और विवाद पर बातचीत के माध्यम से समाधान निकाला जाएगा।
- अक्षय शर्मा, जिला अधिकारी, श्रम एवं रोजगार विभाग ऊना