अंडर-19 बास्केटबाल प्रतियोगिता की विजेता टीम के साथ मुख्यतिथि और अन्य। -स्रोत : संस्थान
मैहतपुर (ऊना)। एमआईए डीएवी पब्लिक स्कूल मैहतपुर में दो दिवसीय अंडर-19 बास्केटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिले के आठ स्कूलों की टीमों ने भाग लिया।
फाइनल मुकाबले में रावमापा देहलां की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एसडी पब्लिक स्कूल संतोषगढ़ को 78–58 अंकों से हराकर खिताब अपने नाम किया। तीसरे स्थान के लिए हुए मुकाबले में मेजबान एमआईए डीएवी पब्लिक स्कूल ने अजौली की टीम को 62–36 से हराकर जीत दर्ज की।
सेमीफाइनल में देहलां की टीम ने बास्केटबॉल क्लब अजौली को 83–20 से मात दी, जबकि दूसरे सेमीफाइनल में संतोषगढ़ की टीम ने एमआईए डीएवी पब्लिक स्कूल को 71–47 अंकों से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। समापन समारोह में जिला बास्केटबाल एसोसिएशन के अध्यक्ष अरुण नैयर तथा नगर परिषद मैहतपुर बसदेहड़ा के पार्षद बलराम चंदेल ने विजेता व उपविजेता टीमों को सम्मानित किया।