अंब (ऊना)। शिवालिक हिल पब्लिक स्कूल अंब की छात्रा दीपिका ने जिला स्तरीय विद्यालय खेलकूद प्रतियोगिता (एथलेटिक मीट) में शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन पदक अपने नाम किए हैं। प्रतियोगिता के अंडर-19 वर्ग में दीपिका ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए 100 मीटर दौड़ में रजत पदक, लंबी कूद में रजत पदक और 200 मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीता। कुठियाड़ी गांव की रहने वाली दीपिका की इस उपलब्धि से स्कूल, क्षेत्र और पूरे जिले का नाम रोशन हुआ है। स्कूल पहुंचने पर दीपिका का जोरदार स्वागत किया गया। स्कूल की प्रधानाचार्य सुषमा डडवाल, प्रबंधक अनिल कुमार, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने उन्हें फूल मालाएं पहनाकर बधाई दी। जिला स्तर पर बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर दीपिका ने धर्मशाला में होने वाली आगामी राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता के लिए भी अपनी जगह पक्की कर ली है।