ऊना। उपमंडल अंब की ग्राम पंचायत लडोली के गांव पंजोआ निवासी दीपक सोनी अपनी गायकी के हुनर से राष्ट्रीय स्तर पर क्षेत्र का नाम रोशन कर रहे हैं। हाल ही में उन्होंने हरियाणा के रोहतक में आयोजित राष्ट्रीय स्तरीय एसजीटी हुनर का रंग प्रतियोगिता के सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई किया है। दीपक सोनी एक साधारण परिवार से ताल्लुक रखते हैं। उनके पिता जोगिंद्र पाल सोनी एक दुकानदार हैं। बचपन से ही दीपक का सपना गायकी के क्षेत्र में कॅरिअर बनाना रहा है। उन्होंने नंगल निवासी परमहंस आहूजा से गायन की शिक्षा प्राप्त की और निरंतर मेहनत से अपनी कला को निखारा। दीपक की इस उपलब्धि पर उपायुक्त ऊना जतिन लाल तथा एसडीएम अंब सचिन शर्मा उन्हें सम्मानित कर चुके हैं। इसके अतिरिक्त वे चिंतपूर्णी महोत्सव, शिवबाड़ी महोत्सव, ऊना सोमभद्र महोत्सव, पीपलू मेला समेत कई आयोजनों में अपनी गायकी का जादू बिखेर चुके हैं। चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुदर्शन बबलू भी कई अवसरों पर दीपक को सम्मानित कर चुके हैं।