हमलावरों ने डंडों और लोहे की रॉड से किया वार, पिस्तौल निकाल जान से मारने की दी धमकी
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की
संवाद न्यूज एजेंसी
नंदपुर (ऊना)। अंब पुलिस थाना क्षेत्र में एक ढाबा संचालक के बेटों पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। हमलावरों ने डंडों और लोहे की रॉड से हमला किया। मारपीट के दौरान एक व्यक्ति ने पिस्तौल निकालकर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और आगामी कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस ने सेल्समैन विक्की और आठ अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक 3 अप्रैल 2025 की रात करीब साढ़े नौ बजे सिद्ध चलेहड़ स्थित सरपंच गेस्ट हाउस में मौजूद ढाबे पर हमलावरों ने वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित रुकमदीन के अनुसार उनके बेटे रियाज मोहम्मद, रजाक मोहम्मद और अशरफ मोहम्मद ढाबे पर मौजूद थे। जब शराब के ठेके पर काम करने वाले सेल्समैन विक्की अपने साथ 7-8 लोगों को लेकर वहां पहुंचा। आरोप है कि इन लोगों ने ढाबे में घुसकर पीड़ितों को धमकाया कि वे शराब बेचते हैं। जब ढाबा संचालक के बेटों ने विरोध किया तो हमलावरों ने डंडों और लोहे की रॉड से उन पर हमला कर दिया। मारपीट के दौरान एक व्यक्ति ने पिस्तौल निकालकर जान से मारने की धमकी दी। इसके अलावा पीड़ित पक्ष ने यह भी आरोप लगाया कि हमलावर ढाबे के गल्ले में रखे 21,500 रुपये नकद लूटकर ले गए। घटना में घायल तीनों भाइयों का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर भारत न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की पहचान की जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार मौके पर दिल मोहम्मद, सुरेंद्र सिंह और बलवीर सिंह ने बीच-बचाव कर पीड़ितों को छुड़ाया। एसपी राकेश सिंह का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।