ऊना। विद्युत् उपमंडल ऊना नंबर-एक के तहत आने वाले लेटलतीफ सामान्य बिजली उपभोक्ताओं में सरकारी कार्यालय के जिम्मेदार अधिकारी भी पीछे नहीं है। यहां क्षेत्र के तहत पड़ते कुल 367 उपभोक्ताओं ने 31.31 लाख रुपये की बिजली बिल की राशि को जमा नहीं कराया है।
दूसरी ओर डीसी कार्यालय सहित विभिन्न विभागों के कार्यालयों ने 1.53 करोड़ रुपये की राशि की अदायगी अभी तक नहीं की है। अगले 9 दिन तक बिजली मीटर बिल अदा न करने पर सामान्य उपभोक्ताओं सहित सरकारी कार्यालयों को बिना बिजली बैठना पड़ सकता है। बिल जमा न होने पर इन कार्यालयों के मीटर कनेक्शन काटने की कार्रवाई शुरू होगी। इनसे विद्युत उपमंडल-एक के अधिकारियों ने 14 सितंबर तक लंबित बिल राशि जमा कराने की अपील की है। अन्यथा उसके बाद बिना कोई पूर्व सूचना प्रमुख विभागों के बिजली मीटर कनेक्शन काटने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
वहीं, समय पर बिल अदा न करने वाले कार्यालयों में डीसी ऑफिस, बचत भवन, प्रोजेक्ट आफिसर, ब्लाॅक रीसोर्स सेंटर बीआसी ऑफिस, प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक कार्यालय, इनकम टैक्स ऑफिस, डीआरडीए ऊना और ब्लाॅक डेवलपमेंट ऑफिसर आदि 11 कार्यालयों के नाम शामिल हैं। इन सभी कार्यालयों की ओर से पिछले माह से बिजली का बिल जमा नहीं करवाया गया है।