संवाद न्यूज एजेंसी
दौलतपुर चौक (ऊना)। पीएमश्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय दौलतपुर चौक में कार्यरत टीजीटी हिंदी अध्यापिका मीना शर्मा शिक्षा विभाग से सेवानिवृत्त हो गईं। सेवानिवृत्ति के अवसर पर विद्यालय में एक भावभीनी विदाई समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन से हुई। इसके बाद विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। समारोह में प्रधानाचार्य वासुदेव ठाकुर सहित समस्त स्टाफ सदस्यों ने अध्यापिका मीना शर्मा का पुष्पगुच्छ, फूलमालाएं भेंट कर स्वागत किया और उन्हें शाल व टोपी पहनाकर सम्मानित किया। मीना शर्मा ने विद्यालय में बिताए अपने सुनहरे क्षणों को याद किया और सभी सहयोगियों का धन्यवाद किया। इस अवसर पर प्रवक्ता भारत भूषण शर्मा व प्रवक्ता मनोज ठाकुर ने कहा कि अध्यापिका मीना शर्मा एक कर्मठ, मेहनती और मृदुभाषी अध्यापिका रही हैं, जिनके योगदान को विद्यालय सदैव याद रखेगा। प्रधानाचार्य वासुदेव ठाकुर ने समारोह में उपस्थित सभी गणमान्य व्यक्तियों, अतिथियों और स्टाफ का आभार प्रकट करते हुए मीना शर्मा के सुखद एवं स्वस्थ भविष्य की कामना की।