दौलतपुर चौक (ऊना)। राजकीय उत्कृष्ट महाविद्यालय दौलतपुर चौक में शनिवार को राष्ट्रीय डिजिटल पुस्तकालय में रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी कर ली गई। इस रजिस्ट्रेशन के बाद महाविद्यालय के प्राध्यापक, छात्र-छात्राएं तथा पूर्व विद्यार्थी अब एनडीएलआई के माध्यम से ई-किताबें, ई-लेख, ई-जर्नल तथा ई-अखबार एक ही क्लिक में प्राप्त कर सकेंगे। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अजय कुमार शर्मा ने एनडीएलआई रजिस्ट्रेशन के सफल आयोजन पर पुस्तकालय अध्यक्ष विकास परमार, समस्त कॉलेज स्टाफ व छात्र-छात्राओं को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने बताया कि यह सुविधा विद्यार्थियों को देश-विदेश में हो रही समसामयिक गतिविधियों की जानकारी सरलता से उपलब्ध करवाएगी। प्राचार्य डॉ. शर्मा ने कहा कि एनडीएलआई से जुड़ने से छात्रों को उच्च शिक्षा की प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी में भी विशेष लाभ मिलेगा। -संवाद