ऊना। हरोली क्षेत्र के टिब्बियां गांव में शनिवार शाम को घरेलू विवाद को लेकर हुई मारपीट में बहू ने चाकू से हमला कर सास को लहूलुहान कर दिया। बताया जा रहा है कि महिला ने पति और बेटी से भी मारपीट की है। मारपीट में परिवार के तीन लोगों को चाटें आई हैं। घायलों को मेडिकल और उपचार के लिए ऊना अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं, पुलिस ने भी मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार स्वर्ण कौर निवासी गांव टिब्बियां तहसील हरोली जिला ऊना ने पुलिस थाना हरोली में शिकायत दर्ज करवाई है कि उसकी बहू ने उस पर सब्जी काटने वाले चाकू से हमला कर दिया। इसमें उसकी बाजू पर काफी चोटें आई हैं। पुलिस को दिए शिकायत में बताया कि मारपीट में उसके बेटे संतोख सिंह और बेटी जसवीर कौर भी घायल हो गए हैं। मारपीट में घायल हुए लोगों को मेडिकल के लिए ऊना अस्पताल पहुंचाया गया। उधर, एएसपी विनोद धीमान का कहना है कि पुलिस ने पीड़ित महिला की शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर मामले की आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।