लठियाणी (ऊना)। राष्ट्रीय उच्च मार्ग 503ए ऊना-हमीरपुर बिलग्राव वर्षाशालिका के पास खस्ताहाल बना हुआ है। बरसात के दिनों में भारी बरसात होने से पहाड़ी खिसक गई थी। जिसके कारण एनएच 503ए का 50 से 100 मीटर बुरी तरह से ध्वस्त हो गया।
ऊपर से दबाव आने के कारण उस पर बिछाई गई तारकोल भी निकल गई थी। पहले तो विभाग द्वारा उस उखड़ी हुई तारकोल को उठाने के लिए दो से तीन माह का समय ऐसे ही बिता दिया।
अब यदि उस स्थान की उखड़ी हुई तारकोल को उठाया ही तो, उस स्थान पर पड़े गहरे गड्ढे भरने में कोई भी रुचि नहीं दिखाई जा रही है।
इस रोड से ऊना, हमीरपुर, कुल्लू, मनाली, शिमला के लिए छोटे-बड़े वाहनों का एवं दोपहिया वाहन चालकों का रात-दिन काफी संख्या में आना जाना लगा रहता है।
ऊपर से नववर्ष पर छोटे-बड़े वाहनों का आना-जाना और भी बढ़ गया है। ऐसे में इस स्थान पर कोई भी अनहोनी घटना घट सकती है। लोगों का कहना है कि अगर इस जगह पर विभागीय लापरवाही से कोई भी अप्रिय घटना घटित होती है तो विभाग जिम्मेदार होगा। एनएच विंग ऊना के सहायक अभियंता राजेश कुमार ने कहा कि इस मार्ग की मरम्मत के लिए डीपीआर भेजी है। जैसे ही बजट मंजूर होगा, मार्ग को दुरुस्त किया जाएगा।