ऊना। मैहतपुर से बनगढ़ वाया विभौर साहिब सड़क पर आज से पुलिया निर्माण का शुरू होगा। लोक निर्माण विभाग करीब 17 लाख रुपये की लागत से इस पुलिया का निर्माण करेगा। पुलिया के निर्माण के चलते इस सड़क पर 13 से 22 अक्तूबर तक यातायात पूरी तरह बंद रहेगा। इस दौरान वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्ग से आवाजाही करनी होगी। ट्रैफिक को घलोर चौक से बनगढ़-नंगड़ा सड़क की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने उपमंडल ऊना के तहत आने वाले इस मार्ग के तीन किलोमीटर हिस्से में यातायात बंद रखने के आदेश जारी किए हैं। उन्होंने मोटर वाहन अधिनियम, 1988 की धारा 115 और 116 के तहत यह निर्णय लिया है। प्रशासन के अनुसार, निर्माण कार्य को सुचारु रूप से पूरा करने और इस दौरान किसी तरह की बाधा से बचने के लिए मार्ग बंद रखना आवश्यक है।
उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को मार्ग बंद होने और वैकल्पिक रास्ते की जानकारी देने के लिए अग्रिम सूचना बोर्ड लगाने के निर्देश दिए हैं। लोक निर्माण विभाग ऊना के अधीक्षण अभियंता हरबंश लाल शर्मा ने बताया कि मैहतपुर से बनगढ़ वाया विभौर साहिब सड़क पर 17 लाख रुपये से पुलिया का निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।