ऊना। विश्व हिंदू परिषद ऊना के कार्यकर्ताओं ने प्रदेश में बढ़ती गौ तस्करी एवं हत्या मामले में जिलाध्यक्ष रघुनाथ सिंह एवं संयोजक वीना शर्मा के नेतृत्व में सोमवार को उपायुक्त ऊना अभिषेक जैन के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन प्रेषित किया।
वीना शर्मा ने कहा कि विश्व हिंदू परिषद एक सामाजिक, धार्मिक एवं राष्ट्रवादी संगठन है, जो कि हिंदू समाज में अपनी संस्कृति के जन जागरण में लगा है। प्रदेश के चंबा में गौ हत्या का मामला सामने आया है। इस पर विश्व हिंदू परिषद ने पुलिस प्रशासन व प्रदेश सरकार से इस पर शीघ्र कार्रवाई की मांग की, लेकिन पुलिस प्रशासन व प्रदेश सरकार ने दबाव डालते हुए विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं की आवाज को कुचलने का प्रयास किया। इससे प्रदेश में गौ तस्करी को बढ़ावा मिल रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री स्वयं विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं पर सांप्रदायिकता फैलाने का आरोप लगा रहे हैं, जो कि सरासर गलत है।
उन्होंने कहा कि परिषद के संगठन मंत्री मनोज कुमार पर भी षड्यंत्र रचे जा रहे हैं एवं जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि यदि उनके साथ कोई अप्रिय घटना घटित होती है तो उसकी जिम्मेवारी पुलिस प्रशासन एवं प्रदेश सरकार की होगी। उन्होंने राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी से मांग की है कि इस संबंध में शीघ्र उचित कार्रवाई अमल में लाई जाए, जिससे भविष्य में ऐसी घटना दोबारा घटित न हो सके। ज्ञापन देने वालों में विनय शर्मा, जसविंद्र सिंह, कार्तिक शर्मा व एमएल शर्मा सहित अन्य शामिल थे।