फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चिंतपूर्णी मंदिर पर खर्च होंगे 40 करोड़

Wed, 27 Jan 2016 06:57 PM IST
ब्यूरो/ अमर उजाला, ऊना
विज्ञापन
विज्ञापन

विज्ञापन
ऊना। वित्त वर्ष 2016 के दौरान चिंतपूर्णी मंदिर न्यास द्वारा विभिन्न विकासात्मक एवं कल्याण कार्यों पर लगभग 40 करोड़ व्यय किए जाएंगे। यह जानकारी मंदिर आयुक्त एवं उपायुक्त ऊना अभिषेक जैन ने ऊना में आयोजित मंदिर न्यास की बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी।

उन्होंने नवनिर्वाचित पंचायत गंगोट, छपरोह व नारी चिंतपूर्णी के नवनिर्वाचित प्रधानों को मंदिर न्यास में गैर सरकारी सदस्यों के तौर पर शामिल होने पर उनका स्वागत किया तथा उनसे आह्वान किया कि वे मंदिर के विकास में अपना रचनात्मक सहयोग देंगे। उन्होंने बताया कि चिंतपूर्णी में 70 लाख की लागत से फायर हाइड्रेंट स्थापित किए जा रहे हैं, जिससे आग लगने की स्थिति में फायर ब्रिगेड को मौके पर ही पानी भरने की सुविधा सुनिश्चित होगी।
विज्ञापन


बैठक में तलवाड़ा बाईपास पर 10 लाख की लागत से एक खूबसूरत वर्षा शालिका बनाने, पांच नए कूड़ादान खरीदने तथा चार जगहों पर वाटर एक्वागार्ड लगाने का भी निर्णय लिया गया। इसके अलावा मंदिर न्यास के लेखा-जोखा का पूर्णतया कंप्यूटरीकरण किया जाएगा। मंदिर न्यास की ओर से चिंतपूर्णी व इसके आसपास के क्षेत्र में एक वृद्धाश्रम बनाया जाएगा। इसके लिए उन्होंने मंदिर अधिकारी को इस बारे भूमि तलाश करने के निर्देश दिए। मंदिर में तैनात पूर्व सैनिकों के वेतन वृद्धि को भी स्वीकृति प्रदान की गई। मंदिर के इतिहास को संजोने के लिए एक फोटो गैलरी स्थापित करने तथा गौसदन कटोहड़कलां की क्षमता 50 से बढ़ाकर 75 करने को भी स्वीकृति प्रदान की गई।


पुलिस को निगरानी टावर स्थापित करने के निर्देश
उपायुक्त ने बताया कि मंदिर न्यास की ओर से पीने के पानी के लिए तीन अतिरिक्त टंकियां तथा कूड़े के सुव्यवस्थित निपटान के लिए तीन डंपर लगाए गए हैं। उन्होंने मंदिर परिसर में निगरानी टावर स्थापित करने के लिए पुलिस विभाग को इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने मंदिर के सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को जारी पहचान पत्र ड्यूटी के दौरान लगाए रखने के निर्देश दिए। परिसर में भिक्षावृत्ति पर भी कड़ाई से अंकुश लगाने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा यात्री सदन का अधिक से अधिक सदुपयोग सुनिश्चित करने के लिए इसका व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। डीसी ने कहा कि मंदिर को दान देने वालों का एक अलग नेटवर्क ग्रुप बनाया जाएगा, जिसके माध्यम से उनके साथ मंदिर न्यास संपर्क में रहेगा।


27-28 फरवरी को  लगेगा चिकित्सा शिविर
मंदिर न्यास चिंतपूर्णी द्वारा स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से 27 व 28 फरवरी, 2016 को एक चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जाएगा।


सीएमसी चिंतपूर्णी और अंब के लिए साढ़े नौ लाख स्वीकृत
बैठक के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चिंतपूर्णी व अंब में विभिन्न चिकित्सा उपकरण मुहैय्या करवाने के लिए मंदिर न्यास की ओर से लगभग साढ़े नौ लाख की राशि खर्च की जाएगी, जिसमें सीएचसी चिंतपूर्णी में 60 हजार से इन्फ्यूजन पंप, 4.50 लाख से एक्सरे प्लांट, दो लाख की लागत से कार्डियक डेफीब्रिलेटर व एक लाख की लागत से दो कार्डियक मॉनिटर मुहैय्या करवाए जाएंगे, जबकि सीएचसी अंब में 75 हजार की लागत से एक ईसीजी मशीन तथा 50 हजार की लागत से कार्डियक मॉनिटर उपलब्ध करवाए जाएंगे।


ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर एडीएम राजेश कुमार मारिया, एएसपी वीरेंद्र ठाकुर, एमओएच डॉ. निखिल, मंदिर अधिकारी सुभाष चौहान सहित मंदिर न्यास के सरकारी व गैर सरकारी सदस्य उपस्थित थे।
विज्ञापन


मंदिर न्यास माता श्री चिंतपूर्णी का कैलेंडर जारी
ऊना। आयुक्त चिंतपूर्णी मंदिर न्यास एवं उपायुक्त अभिषेक जैन ने बुधवार को यहां मंदिर न्यास माताश्री चिंतपूर्णी की ओर से वर्ष 2016 का कैलेंडर का विमोचन किया। इस अवसर पर एडीएम राजेश कुमार मारिया, एएसपी वीरेंद्र ठाकुर तथा मंदिर अधिकारी सुभाष चौहान उपस्थित थे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें