चाइना डोर न इस्तेमाल करने का दिया कड़ा संदेश
संवाद न्यूज एजेंसी
नंगल (ऊना)। नंगल बाय साइकिल संगठन ने युवाओं को नशे से दूर रखने के उद्देश्य से रविवार को पतंग प्रतियोगिता आयोजित की, जिसमें 200 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। पहले पंजीकरण कराने वालों को पतंग और डोर आयोजन समिति की ओर से मुफ्त दी गई। प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस रहे।
आयोजन समिति के सदस्य कर्ण चौधरी ने बताया कि प्रतियोगिता में चाइना डोर का इस्तेमाल पूरी तरह प्रतिबंधित था और प्रतिभागियों ने इसका पालन करने की शपथ ली। शिक्षा मंत्री ने संगठन को सामाजिक कार्यों में सक्रिय रहने के लिए एक लाख रुपये देने की घोषणा की और कहा कि यह टीम नंगल व पूरे देश का नाम रोशन कर रही है।
प्रतियोगिता में चंडीगढ़, ऊना और हिमाचल के आसपास के जिलों के प्रतिभागियों ने भी हिस्सा लिया। मंत्री ने नंगल में जल्द ही साहित्य उत्सव, मैराथन और म्यूजिक फेस्टिवल जैसे बड़े कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही।