एक जालसाज गिरोह की ओर से लोगों को भारत सरकार की खुफिया एजेंसी के जाली लेटरपैड पर नियुक्ति पत्र भेजकर ठगने के प्रयास का खुलासा हुआ है। एसपी ऊना अनुपम शर्मा ने स्थानीय लोगों को इस तरह के गिरोह से सावधान रहने और ऐसे नियुक्ति पत्र मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करने का आह्वान किया है।
जालसाज लोग जाली लेटरपैड पर बने नियुक्ति पत्र को भेज कर लोगों को उसमें दिए फोन नंबर पर 24 घंटे के अंदर संपर्क करने और बताए गए बैंक खाता नंबर में ट्रेनिंग शुल्क के रूप में 25 हजार रुपये जमा करवाने की मांग कर रहे हैं। इसके अलावा ठगी के शिकार लोगों को ट्रेनिंग के लिए मुंबई भी बुला रहे हैं। एसपी ने बताया कि एक जालसाज गिरोह की ओर से जालसाजी करने की नियत से (भारत सरकार) केंद्र की गुप्त सेवा इकाई के जाली लेटरपैड पर लोगों को नियुक्ति पत्र भेजे जा रहे हैं। इन जाली नियुक्ति पत्रों में उम्मीदवार को नियुक्ति पत्र सार्वजनिक न करने तथा इसके मिलने पर बताए गए फोन नंबर पर 24 घंटे के भीतर संपर्क करने की शर्त बताई गई है।
इसके साथ फोन पर संपर्क करते ही दूसरी ओर से 25000 रुपये बतौर ट्रेनिंग शुल्क बैंक द्वारा जमा करवाने तथा निजी खर्चे पर ट्रेनिंग हेतु मुंबई आने की शर्त भी लिखी गई है। एसपी ने लोगों से आग्रह किया है कि इस प्रकार के नियुक्ति पत्र प्राप्त होने पर बिना जांच पड़ताल किसी भी कंपनी, फर्म या व्यक्ति के खाते में पैसे जमा न करवाएं। जालसाजों से सावधान रहें। उन्होंने कहा कि ऐसे नियुक्ति पत्र मिलने पर पुलिस से तुरंत संपर्क करें।