पीडब्ल्यूडी सब डिविजन भरवाईं में तैनात कनिष्ठ अभियंता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। मृतक की पहचान तरसेम कुमार (42) निवासी वदवाड़ा फतेहपुर जिला कांगड़ा के रूप में हुई है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना भेज दिया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। तरसेम की मौत कैसे हुई इसका खुलासा अभी तक नहीं हो पाया है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह जब एक चौकीदार जेई तरसेम कुमार के कमरे में अखबार देने गया तो वह कमरे में बिस्तर पर बेहोश पाया। इसकी सूचना उसने अन्य अधिकारियों को दी। तुरंत तरसेम को चिंतपूर्णी अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचते ही उसने दम तोड़ दिया। जेई तरसेम कुमार पीडब्ल्यूडी विभाग में बतौर कनिष्ठ अभियंता तैनात था।
बताया जा रहा है कि मौत का कारण हार्ट अटैक माना जा रहा है। क्योंकि कमरे में कुछ भी संदिग्ध नहीं पाया गया है। पुलिस ने मृतक के परिजनों को भी सूचित कर दिया है। फिलहाल मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। उधर, डीएसपी जितेंद्र चौधरी ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।