उपमंडल बंगाणा के एक लोकमित्र केंद्र में गड़बड़झाला सामने आया है। लोकमित्र केंद्र के संचालक ने तलमेहड़ा पंचायत के 65 उपभोक्ताओं के लगभग 55 हजार रुपये के बिजली के बिलों का भुगतान विद्युत बोर्ड कार्यालय में नहीं किया। जबकि, उपभोक्ताओं ने लोकमित्र केंद्र में बिलों का भुगतान कर दिया है। इसका खुलासा उस समय हुआ जब बही, बड़ोआ, रौणखर, खैरियां और लालशाह गांवों के उपभोक्ताओं को विद्युत बोर्ड की ओर से बिजली कनेक्शन काटने के आदेश आ गए। इससे लोगों के होश उड़ गए।
उक्त उपभोक्ताओं ने लोकमित्र केंद्र के माध्यम से पहले ही बिल जमा करवा रखे हैं। इन बिलों की राशि 55 हजार से ज्यादा बताई जा रही है। पंचायत प्रधान के आग्रह पर संबंधित विभाग ने उपभोक्ताओं को सोमवार तक कनेक्शन न काटने की मोहलत दी है। लेकिन, सोमवार को बिल जमा नहीं हुए तो उक्त उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे दिए जाएंगे। उपभोक्ताओं मेहर सिंह, तारा राम, सुखदेव, वीर सिंह, ठुणियां राम, वीर सिंह, तिलक राज, बलवंत सिंह, कृष्ण दास, सरवण सिंह, कर्म सिंह, राजेंद्र कुमार, जोगिंद्र सिंह और प्रीतम चंद सहित अन्य ने कहा कि उन्होंने अगस्त माह के बिजली बिल निर्धारित समय पर लोकमित्र केंद्र में जमा करवा दिए थे। इसकी रसीद भी उनके पास है।
इन उपभोक्ताओं को अपने बिल जमा न होने का शुक्रवार को पता चला, जब विद्युत कर्मचारी उनके घर कनेक्शन काटने पहुंचे। जिस पर उपभोक्ताओं ने खरयालता पंचायत के प्रधान अशोक शर्मा के समक्ष मामला उठाया। उन्होंने विद्युत विभाग के एसडीओ को भी मामले से अवगत करवाया और सोमवार तक कनेक्शन न काटने की मोहलत मांगी। लोगों ने बिजली विभाग से मांग की है कि लोकमित्र केंद्र के संचालक के खिलाफ सख्त कारवाई की जाए। वहीं, लोकमित्र केेंद्र के संचालक का कहना है कि तकनीकी समस्या की वजह से बिल जमा नहीं करवा सका।
उधर, विद्युत उपमंडल बंगाणा के एसडीओ अनिल कुमार दत्ता ने कहा कि क्षेत्र के लगभग 65 उपभोक्ताओं के विद्युत कनेक्शन काटने के आदेश जारी किए हैं। उक्त उपभोक्ताओं ने अगस्त माह के बिजली बिल जमा नहीं करवाए हैं।