गैस सिलेंडरों के साथ विभागीय अधिकारी।
- फोटो : अमर उजाला
खाद्य नागरिक आपूर्ति विभाग ने हरोली स्थित ढाबा, रेस्तरां और दुकानों में छापामारी कर 14 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए हैं। इसके अलावा दो किरयानें की दुकानों में पॉलिथीन का प्रयोग करने पर चालान कर दो हजार रुपये जुर्माने के रूप में वसूले गए। विभाग की इस छापामारी से क्षेत्र के दुकानदारों में हड़कंप मच गया। ज्यादातर दुकानदारों ने तो छापा पड़ता देख अपनी दुकानों के शटर डाउन कर इधर-उधर हो लिए।
जानकारी के मुताबिक खाद्य आपूर्ति विभाग के निरीक्षक सुरेंद्र कुमार के नेतृत्व में हरोली क्षेत्र के पंडोगा, ईसपुर, भदसाली की दुकानों, ढाबों और रेस्तरां में छापे मारे। छापामारी से स्थानीय दुकानदारों में हड़कंप मच गया। छापामारी के दौरान विभागीय टीम ने करीब 50 दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान विभाग की टीम ने 14 घरेलू गैस सिलेंडरों को जब्त किया, जबकि दो करियानें की दुकानों में पॉलिथीन का इस्तेमाल करने पर चलान काट कर 2 हजार रुपये जुर्माना वसूल किया।
इंस्पेक्टर सुरेंद्र ने बताया कि विभाग का यह निरीक्षण जारी है। जिला भर में विभाग अवैध कार्य करने वालों के खिलाफ छापामारी कर रहा है। उन्होंने रेट लिस्ट न लगाने वालों को प्राथमिक तौर पर चेतावनी देकर छोड़ा और भविष्य में दुकानों में रेट लिस्ट लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि घरेलू गैस सिलेंडर का दुरुपयोग न करें अन्यथा विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। वहीं, इसके अलावा विभाग ने अंब क्षेत्र में भी दुकानों में दबिश दी।