चिंतपूर्णी के साथ लगते चलाली ढलियारा रोड पर पक्का परोह के पास सड़क किनारे फेंकी गई सिविल सप्लाई की ढेरों दवाइयों के मामले में देहरा पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। इसको लेकर पुलिस की एक टीम को जांच के लिए चिंतपूर्णी हॉस्पिटल भी भेजा जा रहा है।
मामले की पुष्टि डीएसपी ज्वालामुखी कुलदीप सिंह ने की है। उधर, स्वास्थ्य विभाग धर्मशाला ने भी उक्त मामले को लेकर जांच बैठा दी है और सीएमओ धर्मशाला आरएस राणा ने सड़क किनारे दवाइयों के मिलने की घटना को लेकर बीएमओ डाडासीबा को मामले की जांच करने के आदेश दे दिए हैं। सोमवार को शाम के समय पक्का परोह के पास सड़क किनारे फेंकी गई ढेरों दवाइयों को घटनास्थल पर आकर पुलिस ने दो बोरियों में भरकर अपने कब्जे में ले लिया था। फिलहाल, अभी तक विभाग यह साफ नहीं कर रहा है कि ये सारी दवाइयां एक्सपायर हैं या कुछ दवाइयां वैधता वाली भी हैं। लेकिन पहले चिंतपूर्णी अस्पताल में एक्सपायर दवाइयों का मिलना और अब चलाली के पास सड़क किनारे फेंकी गई दवाइयों के ढेर के मिलने से जहां स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है, वहीं कहीं न कहीं इस मामले ने विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवालिया निशान खड़ा कर दिया है।
विभाग के लिए भी आखिर सबसे पहला मुश्किल सवाल यह है कि उक्त सड़क किनारे फेंकी गई उक्त दवाइयां कहां ये आईं। उधर, मामले को लेकर पुलिस भी छानबीन में जुट गई है। डीएसपी ज्वालामुखी कुलदीप सिंह ने बताया कि पुलिस ने केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। उक्त मामले को लेकर पुलिस को जांच के लिए सिविल अस्पताल चिंतपूर्णी भी भेजा जा रहा है।
तीन दिन में रिपोर्ट देने के आदेश : सीएमओ
सीएमओ धर्मशाला आरएस राणा का कहना है कि दवाइयों के मामले पर जांच बैठा दी गई है। बीएमओ डाडासीबा को मामले की जांच कर तीन दिन में रिपोर्ट पेश करने के लिए कहा गया है। सड़क किनारे मिली सारी दवाइयां एक्सपायर हैं या नहीं, यह जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल पाएगा। मामले की जांच कर रहे बीएमओ अंब डाडासीबा एसके गौतम ने बताया कि उन्हें जांच के आदेश मिले हैं, जिस पर कार्रवाई की जा रही है। दवाइयों का बैच नंबर क्या है, दवाइयां जिले के बाहर की हैं या नहीं, इन सभी बातों की जांच कर शीघ्र रिपोर्ट सीएमओ धर्मशाला को सौंपी जाएगी।