दौलतपुर चौक (ऊना)। नगर पंचायत दौलतपुर चौक के निवासी बलबीर सिंह ने स्थानीय पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज करवाई है कि उसकी बहू अचानक घर से गायब हो गई है।
बलबीर सिंह के अनुसार उसके बेटे अनिल कुमार की शादी 13 अगस्त 2014 को ज्वाल में हुई थी। उसकी बहू घर में हमेशा मनमुटाव रखती थी। कई बार घर की छत से छलांग लगाने की धमकी देती थी। उन्होंने बताया कि काफी समझाया, लेकिन उस पर कोई असर नहीं हुआ। इसके बाद उनकी बहू एक माह की दूधमुंही बच्ची को घर में छोड़ बिना बताए कहीं चली गई। इससे बच्ची सहित सभी परेशान हैं। उसे हर जगह ढूंढा, लेकिन बहू का कहीं सुराग नहीं लगा। उन्होंने पुलिस को इस बाबत सहयोग की मांग की है।
उधर, डीएसपी अंब जितेंद्र चौधरी ने बताया कि पुलिस ने बलवीर सिंह की शिकायत दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।