क्षेत्र के निकटवर्ती गांव स्वाणा में आग की चपेट में आने से झुलसी महिला के मामले में पुलिस ने सुसराल पक्ष के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले स्वाणा गांव की प्रोमिला देवी (28) घर में खाना बनाते हुए आग लगने के कारण 50 प्रतिशत झुलस गई थी, जिसे उपचार के लिए चिंतपूर्णी अस्पताल लाया गया था। यहां चिकित्सकों ने उसकी हालत को देखते हुए उसे टांडा रेफर कर दिया था। पुलिस ने महिला के मायके वालों के बयान दर्ज कर महिला के ससुराल वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की पुष्टि करते हुए डाडासीबा चौकी प्रभारी हरजीत सिंह ने बताया कि आग से झुलसी महिला के मामले में आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। बहरहाल पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित महिला का टांडा में उपचार चल रहा है, जो अभी खतरे से बाहर है।