क्षेत्र के बहडाला गांव में बुधवार को कार की टक्कर से आठ वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। मृतका की पहचान रितिका पुत्री सुरेश कुमार निवासी बहडाला के रूप में हुई है। पुलिस ने बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार रितिका बुधवार सुबह बहडाला गांव के स्कूल जा रही थी कि सड़क क्रास करते समय नंगल की तरफ से आ रही कार की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल रितिका को ऊना के क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में भर्ती करवाया गया।
जहां पर चिकित्सकों ने रितिका को मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा कि बच्ची के माता-पिता अमृतसर स्थित एक धार्मिक संस्थान में गए हुए थे। इस दौरान घर पर मौजूद अन्य परिजनों ने उसे नियमित तौर पर स्कूल भेजा। लेकिन सड़क पर पहुंचते ही बच्ची के साथ यह हादसा हो गया।
पुलिस ने मृतका के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के हवाले कर दिया है। एसपी अनुपम शर्मा ने पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने आरोपी कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज करके आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।