क्षेत्र के तहत गांव ब्रहमपुर में पेश आए सड़क हादसे में महिला की मौत हो गई है। मृतक महिला की पहचान छिंदो देवी (40) पत्नी प्रेम चंद निवासी अजौली के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। जानकारी के मुताबिक ब्रहमपुर गांव में अजौली निवासी छिंदो अपने किसी निजी कार्य से आई हुई थी। इसी दौरान जब वह सड़क पर जा रही थी तो अचानक उसे एक कार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में छिंदो गंभीर रूप से घायल हो गई।
स्थानीय लोगों की मदद से घायल को बीबीएमबी अस्पताल ले जाया गया, जहां गंभीर हालत में उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। लेकिन, रास्ते में ही पीड़िता ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया लेकिन स्थानीय लोगों ने उसे बाइक पर पीछा कर धर दबोचा। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। उधर, थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राजपाल सिंह ने कहा कि पुलिस मामले के संदर्भ में छानबीन कर रही है।