जिला मुख्यालय के समीपवर्ती इलाके झलेड़ा के समीप सड़क हादसे में एक बेकाबू कार ने सड़क किनारे खड़ी गोल गप्पे की रेहड़ी को जोरदार टक्कर मार दी। इससे गोलगप्पे सड़क पर बिखर गए और हादसे में रेहड़ी विक्रेता भी घायल हो गया।
घायल को स्थानीय लोगों की मदद से उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस ने मामले को लेकर जांच शुरू कर दी है। हादसा इतना जबरदस्त था कि कार की टक्कर के बाद रेहड़ी साथ लगते खेतों में जा गिरी। जानकारी के मुताबिक वीरपाल निवासी घालूवाल रोजाना की तरह अपनी गोल-गप्पे की रेहड़ी कपिला पैलेस के समीप सड़क किनारे लगाकर खड़ा था। इसी दौरान झलेड़ा से होशियापुर की ओर से जा रही एक कार ने रेहड़ी को टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया।
टक्कर के बाद रेहड़ी नीचे खेतों में जा गिरी और गोल-गप्पे सड़क पर बिखर गए। हादसे में घायल वीरपाल का स्थानीय लोगों की मदद से नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में उपचार करवाया गया। वीरपाल ने बताया कि हादसे में रेहड़ी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई और सारा सामान भी खराब हो गया। सड़क हादसे में पीड़ित का काफी नुकसान हुआ है। उधर, एसपी अनुपम शर्मा ने बताया कि पुलिस मामले को लेकर जांच कर रही है।