क्षेत्र के निकटवर्ती गांव अजौली में नंगल-श्री आंनदपुर साहिब मुख्य मार्ग पर एक हादसे में एक्टिवा सवार बच्चे की मौत हो गई। बच्चे की पहचान हरप्रीत (12) निवासी गांव गग्ग जिला रोपड़ के रूप में हुई है। हादसे में एक्टिवा पर बच्चे के साथ बैठी महिला को भी गंभीर चोटें आई हैं। घायल महिला को बीबीएमबी अस्पताल में प्राथमिक उपचार देने के बाद चंडीगढ़ पीजीआई रेफर कर दिया गया है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार नंगल की ओर से आ रही सेंटरों कार को एक स्कारपियो गाड़ी ने साइड से टक्कर मार दी, जिससे सेंटरो कार अनियंत्रित होकर सामने से आ रही एक्टिवा से टकराकर सड़क पर पलट गई। इस दौरान लोगों की भारी भीड़ एकत्रित हो गई।
मौके पर मौजूद लोगों ने सड़क पर पलटी हुई कार को सीधी कर उसमें सवार लोगों को बाहर निकाला। उधर, थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राजपाल सिंह गिल का कहना है कि पुलिस ने मृतक हरप्रीत का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पीड़ित परिवार के बयान दर्ज कर मामले की आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।