क्षेत्र के होशियारपुर-धर्मशाला हाइवे पर चलाली बाजार में निजी बस की टक्कर से बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान शौकत अली निवासी रुड़की उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है, जो पालमपुर से होशियारपुर की ओर बाइक पर जा रहा था।
पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को अस्पताल भेज दिया है, जबकि मामले की छानबीन शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक चिंतपूर्णी ट्रांसपोर्ट की एक निजी बस दोपहर डेढ़ बजे के करीब चिंतपूर्णी से ज्वालाजी रूट पर जा रही थी। चलाली पहुंचने पर बाजार के पास बस सवारियां बैठा रही थी कि तभी एक तेज रफ्तार बाइक सवार युवक बस के आगे से टकरा गया। हादसा इतना जबरदस्त था कि बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
बस से टकराने के बाद बाइक सड़क के साथ लगती दुकान के काउंटर से जा टकराई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ एकत्रित हो गई। मृतक के मोबाइल फोन के नंबरों की पड़ताल कर पता चला कि वह जिला रुड़की का रहने वाला है। उधर, डीएसपी देहरा रेणू शर्मा ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है।