ऊना बस स्टैंड के पास दुकान में की तोड़फोड़।
- फोटो : अमर उजाला
स्थानीय बस स्टैंड के समीप दो कारों में सवार करीब एक दर्जन युवकों ने कन्फेक्शनरी की तीन दुकानों में जमकर तोड़फोड़ कर डाली। वारदात में युवकों ने लाठियों एवं तेजधार हथियारों से दुकान में कार्यरत दो युवकों पर जानलेवा हमला कर उन्हें लहूलुहान कर दिया। इनको उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पीड़ितों का उपचार जारी है। इतना ही नहीं, आरोपियों ने इसके बाद बस अड्डे में घुसकर एक एचआरटीसी बस चालक के साथ मारपीट कर यात्रियों के साथ भी अभद्र व्यवहार किया। जब तक पुलिस मौके पर पहुंची, तब तक आरोपी युवक भागने में सफल रहे। वारदात के करीब एक घंटे तक अड्डे में तनावपूर्ण माहौल बना रहा और सैकड़ों लोग मौके पर इकट्ठे हो गए।
बुधवार देर रात करीब 12 बजे दो कारों में सवार करीब एक दर्जन युवक बस अड्डा के समीप आए। युवकों ने कारों से उतरते ही बस स्टैंड के समीप सटी कन्फेक्शनी की दुकानों में घुसकर तोड़फोड़ करनी शुरू कर दी। वहीं दुकानदारों पर भी हमला कर घायल कर दिया। दुकानदार अमरजीत, अनिल एवं साहिल ओहरी ने दुकान से नकदी गायब होने का आरोप लगाया है। वारदात में दुकानों में कार्यरत संदीप और जसविंद्र को चोटें आई हैं।
घटना के बाद आरोपी युवक बस स्टैंड के अंदर चले गए और एचआरटीसी की बैजनाथ से दिल्ली जा रही बस में घुसकर चालक से मारपीट करनी शुरू कर दी। मामले की सूचना पुलिस को दी गई, जिस पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी युवक घटना स्थल से नौ-दो ग्यारह हो गए। उधर, एसपी अनुपम शर्मा ने बताया कि शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज जांच शुरू कर दी है।