अमर उजाला ब्यूरो
नंगल।
पुलिस थाना नंगल के तहत बीबीएमबी कॉलोनी स्थित एक रिहायशी मकान में अज्ञात शातिरों ने लाखों की चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया। शातिर घर से लाखों के गहने, चांदी के सिक्के और नकदी लेकर फरार हो गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार डीडी ब्लॉक में रहने वाले संजीव चौधरी ने बताया कि उनका परिवार सुबह सत्संग के लिए ढुकली गया था। ताले की चाबी निश्चित स्थान पर रख कर गए थे। जब वह वापस घर पहुंचे तो देखा की घर का सारा सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा था। अलमारी का ताला भी तोड़ा हुआ था। अलमारी खोल देखा तो उसमें से 10 तोले सोने के जेवर, चांदी के तीन जोड़े पायल, चांदी के 10 सिके गायब थे। इसे देख उनके होश उड़ गए।
इस मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंचकर जायजा लिया और पीड़ित पक्ष के बयान दर्ज कर लिए हैं। चोरी की वारदात में पीड़ित परिवार को लाखों का नुकसान हुआ है। परिवारजनों की मानें तो शातिरों ने पहले रखी चाबी उठाई और योजनाबद्ध तरीके से चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरी से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। इससे पहले भी क्षेत्र में चोरी की वारदातें हो चुकी हैं। थाना प्रभारी पवन चौधरी ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।