अमर उजाला ब्यूरो
ऊना।
पुलिस थाना ऊना के तहत लमलैहड़ी में एक व्यक्ति से उसका एटीएम पिन कोड पूछकर शातिरों ने 50 हजार रुपये की नकदी पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ित ने इस मामले की शिकायत पुलिस को सौंप दी है। इस पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार लमलैहड़ी निवासी रामलाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसे किसी नंबर से फोन आया। इसमें शातिर ने खुद को बैंक का एक अधिकारी बताया। एटीएम के बारे में जानकारी हासिल की। पीड़ित ने उसे बैंक कर्मचारी समझते हुए अपने एटीएम का कोड बता दिया।
थोड़ी देर बाद उसके खाते से 50 हजार की राशि गायब हो गई। तब उसे ठगी का अहसास हुआ। पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस के पास सौंप दी है। बताया जा रहा है कि मामले में झारखंड की तरफ से किसी शातिर गिरोह का हाथ है। एसपी संजीव गांधी ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। शीघ्र ही शातिर पुलिस की गिरफ्त में होंगे।