अमर उजाला ब्यूरो
ऊना। स्थानीय जीवन मार्केट के पास देर रात दो गुटों में झगड़ा हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। मारपीट में एक व्यक्ति को नाक पर चोट आई है। वारदात में दोनों पक्षों में जमकर लात-घूंसे चले। नाक पर चोट लगने से व्यक्ति बुरी तरह से लहूलुहान हो गया।
घायल व्यक्ति की पहचान अरुण दीप निवासी पुलवाला बाजार वार्ड 11 ऊना के रूप में हुई है। घायल अरुण दीप को उपचार के लिए ऊना अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। अरुण दीप निवासी पुलवाला बाजार ने पुलिस के पास शिकायत दर्ज करवाई है कि जीवन मार्केट के पास मुकेश कपिला ने उसके साथ मारपीट की। इससे उसे चोटें आई हैं। अरुण ने बताया कि मुकेश ने उसकी नाक में सिर मार कर उसे लहूलुहान कर दिया।
पुलिस को दी शिकायत में अरुण ने आरोपी पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। एसपी दिवाकर शर्मा का कहना है कि पुलिस ने पीड़ित अरुण की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।