बंगाणा (ऊना)। उपमंडल बंगाणा के चड़ोली में शुक्रवार रात आग लगने से पशुशाला जलकर राख हो गई। घटना में करीब दो लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान होने का अनुमान है। दमकल विभाग की टीम ने ऊना से चड़ोली आकर आग पर काबू पाया। तब तक आग से सब स्वाह हो चुका था।
चड़ोली निवासी सोहन लाल की पशुशाला में शुक्रवार रात शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंच आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू कर दिए, लेकिन आग ने जल्द ही रौद्र रूप धारण करते हुए पशुशाला को चपेट में ले लिया। इसी बीच ऊना स्थित फायर स्टेशन को भी अग्निकांड की सूचना दी गई। इसके बाद फायर स्टेशन से एक टीम को फायर मौके पर भेजा गया। दमकल विभाग के मौके पर पहुंचने से पहले आग पशुशाला को पूरी तरह अपनी आगोश में ले चुकी थी। दमकल विभाग ने आग पर काबू पाकर आसपास के भवनों को सुरक्षित किया। एसएचओ बंगाणा पीसी शर्मा ने बताया कि पुलिस ने मामले के संबंध में केस दर्ज कर लिया है। घटना में करीब दो लाख रुपये का नुकसान होने का अनुमान है।