अमर उजाला ब्यूरो
बंगाणा (ऊना)।
पुलिस ने डुमखर में नाकेबंदी के दौरान एक जीप से करीब 60 पेटी अवैध शराब बरामद की है। पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान गाड़ी चालक प्रिंस निवासी चताड़ा और उसके साथ बैठे सुमित निवासी बहडाला के रूप में की गई है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जिला पुलिस ने पिछले चार महीने में 30 हजार लीटर अवैध शराब बरामद करने में सफलता पाई है।
बताया जा रहा है कि पुलिस को शराब की इस खेप के लाए जाने के बारे में गुप्त सूचना दी गई थी। जानकारी के मुताबिक बंगाणा पुलिस की टीम ने एएसआई सतपाल शर्मा के नेतृत्व में डुमखर में नाकेबंदी की हुई थी। इसी दौरान मैहरे की तरफ से आ रही पिकअप को जांच के लिए रोका गया। गाड़ी की तलाशी लेने पर उसमें लदी 50 पेटी संतरा ब्रांड अवैध देसी शराब और 10 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की गई।
गाड़ी में सवार प्रिंस और सुमित शराब के संबंध में पुलिस को कोई दस्तावेज नहीं दिखा सके। इसके चलते पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। एसपी संजीव गांधी ने बताया कि पुलिस ने घटना के संबंध में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि अवैध शराब और नशे के काले कारोबार के खिलाफ पुलिस का यह अभियान जारी रहेगा।