संतोषगढ़ (ऊना)। शातिर देर रात संतोषगढ़ के एक कारोबारी की बोलेरो गाड़ी चोरी करके ले गए हैं। बोलेरो गाड़ी चोरी होने से नगर के लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है। ऐसे में खुले में गाड़ियां पार्क गाड़ियां सुरक्षित नहीं हैं। हालांकि नगर में रात के समय पुलिस कर्मी भी गश्त पर तैनात रहते हैं, लेकिन शातिर बिना किसी डर के नगर में चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।
कुछ दिन पहले संतोषगढ़ नगर में शातिरों ने एक गाड़ी के शीशे तोड़ दिए थे। नगर में आए दिन चोरी व गाड़ियों के शीशे तोड़ने की वारदातें सामने आ रही हैं। इससे नगर के लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है। सूत्रों जानकारी के अनुसार रविवार देर रात संतोषगढ़ नगर में शातिर बोलेरो गाड़ी चोरी करके ले गए हैं। वहीं पुलिस ने गाड़ी के मालिक राम स्वरूप की शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर मामले की आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि राम स्वरूप ने अपने घर के पास ही सड़क के किनारे गाड़ी पार्क की थी। लेकिन सोमवार सुबह जब उसने देखा तो वहां पर उसकी गाड़ी नहीं थी। गाड़ी गायब देखकर राम स्वरूप के होश उड़ गए, इस दौरान पीड़ित राम स्वरूप ने मामले की सूचना पुलिस को दी। जिस पर पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर मामले की आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। उधर, डीएसपी अशोक वर्मा का कहना है कि पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर मामले की आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। डीएसपी ने कहा कि पुलिस नगर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।