शॉपिंग मार्ट को पुलिस का नोटिस
सड़क पर वाहन पार्क होने होशियारपुर मार्ग पर लग रहा जाम
मार्ट प्रबंधक को व्यवस्थाएं सुधारने के दिए निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
ऊना। जिला मुख्यालय के पुराना होशियारपुर रोड पर एक सप्ताह पहले खुले शॉपिंग मार्ट को पुलिस ने नोटिस भेजा है। मॉल के बाहर पार्किंग की व्यवस्था न होने के कारण सड़क पर लंबा जाम लगने लगा है। शाम के वक्त तो ट्रैफिक की स्थिति और भी बिगड़ जाती है। इस कारण सड़क से गुजरने वाले वाहनों और राहगीरों को दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं। ऊना पुलिस ने नोटिस जारी कर शॉपिंग मार्ट प्रबंधक को शोरूम के आगे पार्किंग व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए हैं। यदि समय रहते व्यवस्था न सुधरी तो पुलिस आगामी कार्रवाई करेगी।
नए खुले इस शॉपिंग मार्ट के बाहर रोजाना खरीदारी करने आ रहेे ग्राहक अपने वाहनों को बेतरतीब ढंग से सड़क पर पार्क कर देते हैं। इससे रोजाना जाम लग रहा है। इस बारे में लोगों ने पुलिस को शिकायतें की हैं। इस पर कड़ा संज्ञान लेते हुए पुलिस ने प्रबंधन को नोटिस जारी कर पार्किंग की व्यवस्था करने के साथ-साथ चार कर्मी वाहनों को नियंत्रित करने के लिए तैनात करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस ने प्रबंधन को नोटिस देकर शोरूम के सामने खड़े होने वाले वाहनों को व्यवस्थित ढंग से गाड़ियां पार्क करने के निर्देश दिए हैं। यदि कोताही होती है या शोरूम के आगे ग्राहकों की ओर से अव्यवस्थित ढंग से पार्क करने पर यदि से हादसा होता है, तो कंपनी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उधर डीएसपी ऊना अशोक वर्मा ने कहा कि सड़क पर लग रहे जाम को लेकर नोटिस जारी कर दिया गया है। यदि फिर भी पार्किंग व्यवस्था में कोई सुधार नहीं होता है, तो पुलिस नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाएगी।