दौलतपुर चौक (ऊना)। स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ पिरथीपुर में ड्यूटी के दौरान दुर्व्यवहार करने का मामला सामने आया है। इसको लेकर स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सा अधिकारी मरवाड़ी डॉ. विनय ने पुलिस को शिकायत पत्र भी सौंपा है। आरोप है कि जब स्वास्थ्य विभाग की टीम स्वास्थ्य उपकेंद्र पिरथीपुर में पोषण अभियान एवं स्वच्छ अभियान के अंतर्गत महिलाओं एवं किशोरियों के स्वास्थ्य की जांच कर रही थी तो एक स्थानीय व्यक्ति ने महिला स्वास्थ्य कर्मचारियों और अन्य स्टाफ के साथ अभद्र व्यवहार किया। विभागीय टीम की मांग है की आरोपी के खिलाफ तुरंत कानूनी कार्रवाई की जाए अन्यथा आंदोलन किया जाएगा। उधर, दौलतपुर चौकी प्रभारी एएसआई राजेंद्र पठानिया का कहना है कि इस संबंध में शिकायत मिली है। शिकायत के आधार पर छानबीन और कार्रवाई की जा रही है।