अमर उजाला ब्यूरो
थानाकलां(ऊना)।
बंगाणा के बुढार में हुए सड़क हादसे में घायल 62 वर्षीय बुजुर्ग की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान किशोरी लाल निवासी अमरेहड़ा के रूप में हुई है। पुलिस ने शव का क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के हवाले कर दिया। वहीं पुलिस ने मामले के संदर्भ में आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
31 अक्तूबर को किशोरी लाल परिजन के साथ बाइक पर जा रहा था। बुढार में बाइक की ट्रक के साथ टक्कर हो गई। हादसे में वृद्ध के सिर पर गहरी चोट लग गई। उसे गंभीर हालत में बड़सर सीएचसी ले जाया गया। गंभीर हालत के चलते चिकित्सकों ने किशोरी लाल को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। जहां स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद 5 नवंबर को घर आ गए। पुन: तबीयत बिगड़ने पर 14 नवंबर को क्षेत्रीय अस्पताल ऊना भर्ती करवाया गया, जहां से भी चिकित्सकों ने दो दिन चले इलाज के बाद छुट्टी दे दी।
मंगलवार सुबह वृद्ध की अचानक तबीयत बिगड़ गई, जिसे परिजन तुरंत क्षेत्रीय अस्पताल ऊना लेकर पहुंचे। ऊना अस्पताल में तैनात चिकित्सकों ने किशोरी लाल को मृत घोषित कर दिया। एसपी संजीव गांधी ने बताया कि पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।