अंब (ऊना)। चोरी के पैसे में आधी हिस्सेदारी के एक लाख मिलने के लोभ में प्रवासी मजदूर गाढ़ी कमाई के पंद्रह हजार रुपये और साढे़ दस हजार रुपये का मोबाइल फोन गंवा बैठा। दो ठग उसे एक लाख रुपये देने के लालच में कोरे कागज थमा गए।
एटीएम में आसान शिकार ढूंढ रहे शातिर ठगों ने बुधवार को क्षेत्र की एक फैक्टरी में काम कर रहे मजदूर के पंद्रह हजार रुपये ठग लिए। बुधवार दोपहर को अंब के एसबीआई एटीएम में मजदूर तनख्वाह मिलने के बाद परिवार को पैसा भेजने के लिए एसबीआई आया था। यहां दो लोग उसके पास आए। वे भोजपुरी में बात कर रहे थे। उनमें से एक ने कहा कि मैं जिसके पास काम करता था उसने काम का पैसा नहीं दिया, इसलिए मैं उसका दो लाख रुपया चुरा लाया हूं। मैंने ये पैसा बैंक में जमा करवाना है। लेकिन एक साथ इतना पैसा जमा नहीं हो पाएगा।
क्या तुम ये पैसा अपने अकाउंट में जमा करवा लोगे। दोनों आधा-आधा पैसा रख लेंगे। इस पर मजदूर के मन में एक लाख रुपये का लालच आ गया। वह उन दोनों के साथ पास के एटीएम में गया। एक ठग ने बातों ही बातों में उससे पंद्रह हजार रुपये और मोबाइल फोन भी ले लिया। इसके बाद वह उसे अंब चौक तक ले आए और उसे यकीन दिलवाने के लिए एक रुमाल निकाला। इसमें दो लाख रुपया बंधा होने की बात कही। उसमें से एक दो हजार रुपये का नोट निकालकर अपने साथी को दिया। बाकी उस मजदूर के पास देते हुए उसे यह रकम अपने अकाउंट में जमा करवाने को कहा। बदले में उससे गारंटी के रूप में उसके पास जमा करवाने के लिए रखे पंद्रह हजार रुपये और मोबाइल फोन ले लिया।
इसके बाद मजदूर बैंक चला गया। वहां उसने पाया ाकि रुमाल के अंदर दो हजार रुपये के नोट नहीं बल्कि कोरे कागज के टुकड़े हैं। इन्हें दो हजार रुपये के नोट के साइज में फोल्ड करके रखे गया था। उसे कागज थमाकर शातिर मौके से फरार हो गए थे। इस संबंध में डीएसपी अंब मनोज जंवाल ने बताया कि पुलिस के पास इस संबंध में कोई शिकायत नहीं आई है। उन्होंने कहा कि लोगों को समय-समय पर आगाह किया जाता है कि इस प्रकार से किसी के लालच में न आएं और ऐसे संदिग्ध लोगों की सूचना तुरंत पुलिस को दें।