ऊना। क्षेत्र के बड़साला गांव में 12 वर्षीय के बच्चे को करीब आधा दर्जन आवारा कुत्तों ने हमला कर बुरी तरह से लहूलुहान कर दिया। घटना के बाद बच्चे को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल लाया गया। जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे पीजीआई रेफर कर दिया गया है।
बड़साला निवासी 12 वर्षीय केवल कृष्ण मंगलवार रात घर के पास ही कहीं जा रहा था। इसी दौरान गांव की सड़क में बैठे करीब आधा दर्जन आवारा कुत्तों ने उसे बुरी तरह नोच डाला। बच्चे के चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के लोग फौरन मौके पर पहुंचे और बच्चे को कुत्तों के चंगुल से छुड़ाया।
परिजन बच्चे को फौरन क्षेत्रीय अस्पताल ऊना लाए। यहां उसे प्राथमिक उपचार दिया गया। लेकिन बच्चे का खून बंद न होने की सूरत में उसे फौरन पीजीआई रेफर कर दिया गया है। गौरतलब है कि जिला भर के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में आवारा कुत्तों का आतंक बेतहाशा बढ़ गया है। वहीं बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक हर वर्ग के लोग इनका शिकार बन रहे हैं।